शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर 1.93 लाख की साइबर ठगी

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


व्हाट्सऐप पर भेजे दस्तावेजों से जीता भरोसा, मुनाफे के नाम पर बार-बार ऐंठते रहे रकम
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के राजापुर सिकरौर निवासी मोहम्मद खेताब साइबर ठगी का शिकार हो गए। आरोप है कि साइबर ठग ने व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क कर शेयर बाजार में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे कुल 1,93,401 रुपये UPI और स्कैनर बारकोड के जरिए ट्रांसफर करा लिए।
पीड़ित के अनुसार, 11 अगस्त को उसके व्हाट्सऐप नंबर पर एक व्यक्ति ने संदेश भेजा। आरोपी ने अपनी पहचान लम्साबहुर रहमा के रूप में बताते हुए आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पासपोर्ट और अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज भेजे। इससे पीड़ित को भरोसा हो गया कि सामने वाला व्यक्ति वास्तविक है। इसके बाद शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छा लाभ दिलाने की बात कही गई।
पहले 50 हजार भेजे, फिर बढ़ती गई रकम की मांग
शिकायत के मुताबिक झांसे में आकर पीड़ित ने शुरुआत में 50 हजार रुपये निवेश के नाम पर भेजे। बाद में मुनाफे का हिस्सा मांगने पर आरोपी ने प्रोसेसिंग के नाम पर दोबारा रकम मांगी। मुनाफा देने के बजाय हर बार नए बहाने से अतिरिक्त भुगतान कराने का सिलसिला जारी रहा। इस तरह पीड़ित ने अपने और परिचितों के माध्यम से कुल 1,93,401 रुपये भेज दिए।
रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप
लगातार रकम मांगने और पैसा वापस नहीं मिलने पर पीड़ित को साइबर ठगी का एहसास हुआ। उसने तत्काल स्थानीय पुलिस और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मोहम्मद खेताब की तहरीर पर सरायमीर थाने में एफआईआर संख्या 0209/2026 दर्ज की गई है। मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना निरीक्षक पंकज कुमार शुक्ला को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *