पुलिस मुठभेड़ में गोतस्करी गैंग का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

फायरिंग कर भागने की कोशिश नाकाम, तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद; दो साथी फरार, तलाश जारी


आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना पुलिस ने गोतस्करी गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर गोवध, गैंगस्टर, लूट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 24 जुलाई 2026 को अतरौलिया पुलिस ने सूचना के आधार पर गोवंशीय पशुओं से लदी एक पिकअप को रोकने का प्रयास किया था। चालक पुलिस को चकमा देकर गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ते हुए फरार हो गया था। बाद में गोपालीपट्टी नहर के पास पिकअप लावारिस हालत में मिली, जिसमें पांच प्रतिबंधित गोवंशीय पशु और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ था। इस मामले में गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान संतोष यादव, संतोष सरोज और शमीम के नाम सामने आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत शुक्रवार तड़के करीब 4:20 बजे अतरौलिया थाना पुलिस गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आए तीन संदिग्धों ने पुलिस को देखकर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संतोष यादव (24), निवासी समस्तीपुर, थाना जहानागंज के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मौके से पुलिस ने एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। इस संबंध में अतरौलिया थाने में बीएनएस की धारा 109(1) एवं आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *