सीढ़ी के रास्ते घर में घुसे चोर, नकदी व जेवरात लेकर फरार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

आजमगढ़ के सिधारी क्षेत्र में वारदात, लाखों के आभूषण और नकदी चोरी; जांच में जुटी पुलिस


आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह होने पर परिवार के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, दौलतपुर निवासी मीना देवी के घर में चोर सीढ़ी के रास्ते दाखिल हुए। उस समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। चोरों ने कमरे में रखे बक्से की सिटकनी तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि सुबह सफाई के दौरान बक्से की सिटकनी टूटी मिली, जबकि ताला बंद था। बक्सा खोलने पर उसमें रखे दो जोड़ी चांदी की पायल, मंगलसूत्र, कान की झाली, नथिया तथा करीब एक हजार रुपये नकद गायब मिले।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द चोरी का खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *