
35 लाख की जमीन बिक्री के रुपये को लेकर विवाद का आरोप, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह गांव में शुक्रवार को एक युवक की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की, वही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव निवासी उपेंद्र पाठक उर्फ बॉबी गुरुवार शाम अपनी पत्नी सुप्रिया और बच्चे के साथ ससुराल सहनूडीह पहुंचे थे। बताया गया कि वह अपनी बीमार सास का हालचाल लेने आए थे। रात में किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हुआ, जिसके बाद देर रात बंद कमरे में चादर के सहारे उनका शव फंदे से लटका मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में गांव पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि उपेंद्र ने हाल ही में करीब 35 लाख रुपये की जमीन बेची थी। उनका कहना है कि इसी धनराशि के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ और उनकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। आरोप पत्नी सुप्रिया, उसके भाई आदर्श उर्फ शोले, ससुर यादवेंद्र मिश्रा समेत अन्य परिजनों पर लगाए गए हैं।
बरदह थानाध्यक्ष दीपचंद ने बताया कि पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।