
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार की संस्तुति पर डीएम ने की कार्रवाई, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती जारी
आजमगढ़। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने छह शस्त्र लाइसेंस धारकों के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संस्तुति पर जिला मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार के अनुमोदन के बाद की गई।
पुलिस के अनुसार, जिन छह लोगों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं, उनके विरुद्ध विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे व्यक्तियों के पास शस्त्र बने रहना लोकशांति, जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा था।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जिले में अपराधी प्रवृत्ति के शस्त्र लाइसेंस धारकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक कुल 57 शस्त्र लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त किए जा चुके हैं।
इन लोगों के शस्त्र लाइसेंस हुए निरस्त
अशफाक अहमद, निवासी खुटवा चक खुटवा, थाना मेहनगर
सूर्यदेव यादव, निवासी अजगरा मगर्वी, थाना रौनापार
बृजेश सिंह, निवासी तुलापुर, थाना रौनापार
शिव कुमार, निवासी जोकहरा, थाना रौनापार
आलम, निवासी मुहम्मदपुर, थाना बिलरियागंज
बसी उर्हमान, निवासी गुलवा गौरी, थाना बिलरियागंज
इन सभी के विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, गैंगस्टर एक्ट, एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं या न्यायालय में विचाराधीन हैं।
एसएसपी का बयान
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद में अपराधी प्रवृत्ति के लोगों की लगातार निगरानी की जा रही है। जिन व्यक्तियों के पास शस्त्र होने से जनसुरक्षा को खतरा उत्पन्न होने की आशंका है, उनके विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।