पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प, हर रविवार होगा पौधरोपण

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


रिलीफ इंडिया क्लब हुआ विश्व हिंदू परिषद के तत्वाधान में शुरू हुआ पौधरोपण


आजमगढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ रिलीफ इंडिया क्लब एवं विश्व हिन्दू परिषद गोरक्षा विभाग आजमगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में शहर के नगरपालिका स्थित कुँवर सिंह उद्यान परिसर से वार्षिक पौधरोपण महाअभियान का शुभारम्भ किया गया। अभियान के पहले रविवार को बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और गणमान्य नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं समाजसेवी अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सहसंघचालक अजय अग्रवाल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय संकट से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक वृक्षारोपण है। उन्होंने पौधरोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

रिलीफ इंडिया क्लब के सचिव राघवेंद्र मिश्रा ‘लड्डू’ ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला जनजागरण अभियान है। लक्ष्य पूरा होने तक प्रत्येक रविवार जिले के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया जाएगा तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक रमाकांत, विहिप गोरक्षा विभाग के प्रान्त संरक्षक अशोक अग्रवाल, नगर प्रचारक अखिल, राजेन्द्र अग्रवाल, प्रान्त संयोजक गौरव रघुवंशी, सत्येन्द्र कुमार गोंड, विजयलक्ष्मी मिश्रा, पवन गुरुजी, भाजपा नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा, अजीत पाल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *