
शिक्षा, रोजगार और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के मुद्दे उठाए, 2 अक्तूबर को लखनऊ पहुंचने का आह्वान
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जस्टिस मोर्चा की ओर से निकाली जा रही जेन-जी कनेक्ट यात्रा शनिवार को 17वें दिन आजमगढ़ में पहुंची। यात्रा बवाली मोड़ से शुरू होकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न हिस्सों से होते हुए चिरैयाकोट पहुंची। इस दौरान युवाओं, छात्रों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर शिक्षा, रोजगार, सरकारी भर्तियों और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए।
यात्रा करतालपुर, ब्रह्मस्थान, पहाड़पुर, तकिया, पुरानी कोतवाली, चौक, कालीचौरा, सिविल लाइंस, रैदोपुर, सिधारी, हाइडिल चौराहा, छतवारा और चंडेश्वर समेत विभिन्न स्थानों से गुजरी। कई जगह नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर युवाओं को यात्रा की 10 सूत्रीय मांगों की जानकारी दी गई। इस दौरान पर्चे भी वितरित किए गए।
नुक्कड़ सभाओं में जेन-जी कनेक्ट यात्रा से जुड़े लोगों ने कहा कि प्रदेश का युवा शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी, लंबित भर्तियों और प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही कथित अनियमितताओं को लेकर चिंतित है। वक्ताओं ने सवाल उठाया कि प्रदेश में स्वीकृत और रिक्त पदों पर समयबद्ध तरीके से भर्ती क्यों नहीं की जा रही है।
जहानागंज में भी हुआ संवाद
यात्रा के दौरान जहानागंज में भी नुक्कड़ सभा और पर्चा वितरण किया गया। यहां युवाओं से आगामी 2 अक्तूबर को लखनऊ पहुंचने और शिक्षा, रोजगार समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रस्तावित आंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया गया।
यात्रा से जुड़े लोगों ने कहा कि जेन-जी कनेक्ट यात्रा का उद्देश्य युवाओं के मुद्दों को गांव-कस्बों तक पहुंचाना और उनके सवालों को व्यापक स्तर पर उठाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवालों पर युवाओं की आवाज को मजबूती से सामने रखा जाएगा।
आजमगढ़ से आगे बढ़ते हुए यात्रा चिरैयाकोट पहुंची, जहां स्थानीय युवाओं और नागरिकों से संवाद किया गया। आयोजकों के अनुसार, यात्रा प्रदेश के अन्य जिलों से होते हुए 2 अक्तूबर को लखनऊ पहुंचेगी, जहां 10 सूत्रीय मांगों को लेकर बड़े आंदोलन का आह्वान किया गया है।