
रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस के नाम पर तैयार करता था कूटरचित पॉलिसी, मोबाइल और सिम बरामद
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर फर्जी और कूटरचित वाहन इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार कर ग्राहकों से ठगी करने के मामले में मुबारकपुर पुलिस ने दिल्ली के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ओप्पो मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि की ओर से न्यायालय के आदेश के बाद दी गई तहरीर के आधार पर मुबारकपुर थाने में रवि कुमार झा और अंकित जायसवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि दोनों फर्जी व कूटरचित इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार कर आम लोगों से धोखाधड़ी और ठगी करते थे।
शनिवार को उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण और शांति व्यवस्था में लगे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी रवि कुमार झा रोडवेज तिराहे के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और करीब दोपहर 1:05 बजे रोडवेज तिराहे से कुछ दूरी पहले, कस्बा मुबारकपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक उसके पास से एक ओप्पो मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वह ग्राहकों से रुपये लेकर रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर फर्जी और कूटरचित इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार करता था और इससे अनुचित लाभ कमाता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार झा (28) पुत्र विनोद झा के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता जे-1/44 चाणक्य प्लेस पार्ट-1, उत्तमनगर जनकपुरी, नई दिल्ली बताया गया है। वह मूल रूप से भासर चौक, वार्ड नंबर-10, सीतामढ़ी, बिहार का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि मामले में मु0अ0सं0 298/2026, धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा, चौकी प्रभारी, कांस्टेबल कुलदीप सरोज और कांस्टेबल मुकुंद मिश्रा, थाना मुबारकपुर शामिल रहे।