
आजमगढ़। बेटी-बेटा सर्व शिक्षा सेवा समिति की ओर से वनवासी बस्ती, उच्चे गोदाम (आजमगढ़) में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को कॉपियों का वितरण किया गया। इस दौरान बच्चों को पौधे भी भेंट किए गए तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पेड़ों की देखभाल का संदेश दिया गया।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि उच्चे गोदाम स्थित इस वनवासी बस्ती को समिति ने लगभग सात वर्ष पूर्व गोद लिया था। तब से यहां शिक्षा, सामाजिक उत्थान और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
समिति द्वारा अब तक पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन, आयुष्मान भारत कार्ड, राशन कार्ड, लेबर कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाने में सहयोग किया गया है। साथ ही बच्चों को खेलकूद के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है।
संस्था पिछले सात वर्षों से बस्ती के बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध करा रही है, जिससे अनेक बच्चे नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव अखिलेश चौधरी तथा सदस्य भूपेंद्र और सरवेश गोंड सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।