LNIPE ग्वालियर की चयन प्रक्रिया में आजमगढ़ के शशांक ने मारी बाजी

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

45 खिलाड़ियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हासिल किया शीर्ष स्थान, खेल जगत में खुशी की लहर


आजमगढ़। जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शशांक शेखर सिंह उर्फ आकाश ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल प्रतिभा के दम पर जनपद का नाम रोशन किया है। लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (LNIPE), ग्वालियर, मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा पाठ्यक्रम की चयन प्रक्रिया में शशांक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है।
चयन प्रक्रिया में कुल 45 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अभ्यर्थियों का मूल्यांकन लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षण और स्किल टेस्ट के आधार पर किया गया। शारीरिक दक्षता परीक्षा में एक किलोमीटर दौड़, लंबी कूद, मेडिसिन बॉल थ्रो और 50 मीटर स्प्रिंट जैसी कठिन स्पर्धाएं शामिल रहीं। सभी चरणों में शानदार प्रदर्शन करते हुए शशांक ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
शशांक के लाइफ मेंटर एवं प्रशिक्षक अजेंद्र राय ने उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि शशांक बेहद अनुशासित, समर्पित और मेहनती खिलाड़ी हैं। योजनाबद्ध तैयारी, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। शशांक के पिता अशोक सिंह स्थानीय दीवानी न्यायालय, आजमगढ़ में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। बेटे की शानदार सफलता से परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
शशांक की इस उपलब्धि पर जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. डी.पी. राय, सचिव डॉ. पीयूष कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रमाकांत वर्मा, राजेंद्र प्रसाद यादव, पुनीत राय, विजय कुमार सिंह, प्रवीण कुमार सिंह, सौरभ राय, डॉ. पंकज सिंह, सुनील दत्त विश्वकर्मा, नीरज अग्रवाल, मनीष रतन अग्रवाल, सत्येंद्र, उपाध्यक्ष पवन पांडे, प्रज्ञा राय, दिव्यांश राय, किशन श्रीवास्तव और आरुष श्रीवास्तव समेत अनेक खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *