स्कूल चलो अभियान: छात्राओं ने निकाली भव्य जागरूकता रैली

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज की पहल, शिक्षा के नारों से गूंजा क्षेत्र; प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका सोनी ने दिखाई हरी झंडी


आजमगढ़। श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में स्कूल चलो अभियान के तहत भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने और समाज में शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।


जागरूकता रैली का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका सोनी ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और समाज की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की।
विद्यालय के प्रबंधक मनीष रत्न अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें विद्यालय की मुख्यधारा से जोड़ना प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है।


रैली में विद्यालय की एनसीसी छात्राओं ने विशेष भूमिका निभाई। अनुशासित ढंग से रैली का नेतृत्व करते हुए छात्राओं ने शिक्षा जागरूकता से जुड़े जोरदार नारे लगाए और लोगों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं ने छात्राओं की सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा। वहीं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, कर्मचारी और मध्यान्ह भोजन से जुड़ी रसोइयां भी मौजूद रहीं।
रैली के बाद विद्यालय परिसर “आधी रोटी खाएंगे, बच्चों को जरूर पढ़ाएंगे” और “हर बच्चा स्कूल जाए, शिक्षित भारत का सपना साकार बनाए” जैसे नारों से गूंज उठा।


विद्यालय प्रशासन ने शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए भविष्य में भी इस तरह की रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक बालक-बालिका को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *