फर्जी मार्कशीट के आधार पर नौकरी का आरोप, आयुक्त से जांच और बर्खास्तगी की मांग

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के कर्मचारी पर कूटरचित अंकपत्र से नियुक्ति का आरोप, मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी को भी भेजी गई शिकायत

आजमगढ़। मेहनगर क्षेत्र निवासी पंचम पुत्र जगनन्दन ने आजमगढ़ मंडल के आयुक्त को शिकायती पत्र सौंपकर एक संस्कृत माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत कर्मचारी पर फर्जी मार्कशीट के आधार पर नौकरी प्राप्त करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त करने, अब तक दिए गए वेतन एवं अन्य सरकारी देयकों की वसूली कराने तथा कथित लापरवाही एवं संलिप्तता के आधार पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत पत्र के अनुसार संबंधित कर्मचारी ने किसी अन्य अभ्यर्थी की वर्ष 1986 की उत्तर मध्यमा परीक्षा की अंकपत्र में कथित रूप से कूटरचना कर श्री मण्डलेश्वर महादेव संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, रायपुर, मेहनगर में नियुक्ति प्राप्त की। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध पूर्व में एक आपराधिक मामला भी दर्ज रहा है। शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सेवा से बर्खास्त करने, अब तक दिए गए वेतन एवं अन्य सरकारी धन की वसूली कराने तथा मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी आजमगढ़ को भी भेजी गई है। फिलहाल शिकायत पर संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *