
दिनदहाड़े घर में घुसा युवक, चीख सुनकर दौड़े लालचंद को धक्का देकर भागा; ग्रामीणों ने 20 दिन से संदिग्ध युवक के गांव में घूमने का लगाया आरोप
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के खेमीपुर गांव में रविवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज घटना सामने आई। घर में बच्चे को दूध पिला रही विवाहिता पर एक युवक ने हंसिया से हमला कर दिया। विवाहिता की चीख सुनकर उसे बचाने पहुंचे चचेरे ससुर लालचंद मौर्य (50) ने हमलावर को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान युवक ने उन्हें धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने से गंभीर रूप से घायल लालचंद की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
बच्चे को दूध पिला रही थी विवाहिता, अचानक घर में घुसा युवक
परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे फूलचंद मौर्य की बहू शिवांगी मौर्य घर में अपने बच्चे को दूध पिला रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक अचानक घर में घुस आया। इससे पहले कि शिवांगी कुछ समझ पाती, युवक ने हंसिया से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके माथे पर चोट लगी।
अचानक हुए हमले से घबराई शिवांगी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर घर के बाहर मंडई में सो रहे उसके चचेरे ससुर लालचंद मौर्य दौड़कर मौके पर पहुंचे।
दरवाजे की कुंडी लगाकर रोकने का किया प्रयास
परिजनों का कहना है कि लालचंद ने हमलावर को रोकने के लिए घर के दरवाजे की बाहर से कुंडी लगा दी। हालांकि दरवाजे के ठीक बगल में बिना दरवाजे वाला जंगला था। हमलावर ने जंगले से हाथ डालकर कुंडी खोल ली और बाहर निकल आया।
बाहर आते ही उसने लालचंद को धक्का दे दिया। अचानक धक्का लगने से लालचंद जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौका पाकर हमलावर वहां से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में लालचंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बहू को बचाने की कोशिश में चचेरे ससुर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पवई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हमलावर की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।
20 दिन से संदिग्ध युवक के घूमने का ग्रामीणों का दावा
घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में पिछले करीब 20 दिनों से एक संदिग्ध युवक के घूमने का दावा किया है। ग्रामीणों के अनुसार, युवक अक्सर काले कपड़े और काले जूते पहनता है तथा चेहरे को काले गमछे से ढके रहता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली कटने के दौरान वह गांव में आता-जाता था और कई बार घरों में घुसते हुए देखा गया। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि संदिग्ध युवक महिलाओं पर हमला कर चुका है और कभी पेड़ पर चढ़ते तो कभी घर में घुसते देखा गया।
दो दिन पहले भी उसके पूर्णमासी नामक व्यक्ति के घर में घुसने का ग्रामीणों ने दावा किया। बताया गया कि युवक ने घर में रखा बॉक्स खोलकर सामान इधर-उधर कर दिया था। लोगों के पहुंचने पर वह भाग निकला। हालांकि इन कथित घटनाओं की सूचना पहले पुलिस को नहीं दी गई थी।
तहरीर मिलने के बाद होगी कार्रवाई
पवई थानाध्यक्ष मनीष पाल ने बताया कि लालचंद मौर्य के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस के सामने हमलावर की पहचान करना सबसे बड़ी चुनौती है। वहीं ग्रामीणों द्वारा बताए जा रहे संदिग्ध युवक के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद गांव में लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।