
सिधारी थाना क्षेत्र के छतवारा बाजार स्थित इंडस टावर में चोरी की वारदात नाकाम, दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
टावर में घुसकर केबल काट रहे थे आरोपी, तकनीशियन की सतर्कता से मौके पर ही दबोचे गए
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के छतवारा बाजार स्थित इंडस कंपनी के मोबाइल टावर से केबल चोरी करने का मामला सामने आया है। कंपनी के प्रतिनिधि की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 4 अगस्त की रात करीब 8:32 बजे की बताई गई है।
एफआईआर के अनुसार, छतवारा बाजार स्थित इंडस कंपनी के टावर संख्या 2044033 पर लगे डाउन अलार्म की सूचना कंपनी के सर्विस इंजीनियर को मिली। सूचना मिलते ही तकनीशियन रुद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे, जहां दो युवक टावर के अंदर घुसकर केबल काट रहे थे। मौके पर दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई तो उन्होंने अपनी पहचान आरिफ पुत्र मुन्नू निवासी निशवा स्कूल, पहाड़पुर तथा राकेश सोनकर पुत्र गणेश सोनकर निवासी कुंडा, सिधारी के रूप में बताई।
तहरीर में आरोप है कि दोनों आरोपियों ने टावर के अंदर लगे लगभग 25 मीटर 25 एमएम केबल, 10 मीटर 35 एमएम पावर केबल तथा एसएमपीएस से जुड़ी अन्य केबलों को काटकर चोरी करने का प्रयास किया। कंपनी की सतर्कता के चलते दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
शिकायत के आधार पर सिधारी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राज बिहारी सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।