हर्निया के इलाज के दौरान महिला की मौत का मामला, नर्सिंग होम संचालक गिरफ्तार

आजमगढ़ शहर

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में हर्निया के इलाज के दौरान महिला की मौत के मामले में पुलिस ने नर्सिंग होम संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर फर्जी चिकित्सकीय कार्य और लापरवाही के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।

जानकारी के मुताबिक, 15 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने मुबारकपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसकी मां श्याम दुलारी को पेट दर्द और हर्निया के उपचार के लिए आर्य नन्दिनी नर्सिंग होम, हरैया मोड़ में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि नर्सिंग होम संचालक गुलाब चन्द चौहान ने परिजनों की जानकारी और सहमति के बिना मरीज का ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के दौरान ही मरीज की मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर मुबारकपुर थाने में मु0अ0सं0 264/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मो. शमशाद खान को सौंपी गई थी।

विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में सूचना मिली। इसके बाद उपनिरीक्षक मो. शमशाद खान ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए 6 अगस्त 2026 को करीब 3:05 बजे हरैया रेलवे अंडरपास के पास से गुलाब चन्द चौहान को गिरफ्तार कर लिया। वह आर्य नन्दिनी नर्सिंग होम का संचालक है।कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मो. शमशाद खान और हेड कांस्टेबल प्रकाश कुमार सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *