राजभर बस्ती में भीषण आग, कच्चा मकान जलकर राख, गाय की मौत, देर रात अचानक लगी आग से मची अफरा-तफरी, ग्रामीणों ने अन्य पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला

आजमगढ़ शहर

चावल, गेहूं, सरसों समेत गृहस्थी का सामान जला, पीड़ित परिवार ने एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान बताया
आजमगढ़। देवगांव थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत खनियरा स्थित राजभर बस्ती में गुरुवार देर रात करीब 12 बजे एक कच्चे मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और मकान जलकर पूरी तरह राख हो गया। अग्निकांड में एक गाय की झुलसकर मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार अरविंद राजभर पुत्र रामसुख राजभर के कच्चे मकान में देर रात अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने घर में बंधे अन्य पशुओं को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक गाय आग की चपेट में आ गई और उसकी जलकर मौत हो गई।


गृहस्थी का सामान और अनाज भी जलकर राख
पीड़ित परिवार के मुताबिक आग में घर में रखा चावल, गेहूं, सरसों समेत अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। मकान और सामान के जलने से परिवार को एक लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *