
दोहरे हत्याकांड के आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर, इसी बीच घर में अकेली महिला पर चाकू से हमला, कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक सप्ताह पहले हुए चर्चित दादा-पोते के दोहरे हत्याकांड का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। इसी बीच गुरुवार देर रात घर में अकेली महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला होने की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। लगातार दो बड़ी वारदातों के बाद स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने लगे हैं।
करीब एक सप्ताह पूर्व पवई थाना क्षेत्र के एक गांव में दादा और पोते की निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने खुलासे के लिए तीन टीमें गठित कीं और सर्विलांस, सीडीआर सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस का दावा है कि कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन छह दिन बीतने के बाद भी मुख्य आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं।

इधर, पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ ही रहे थे कि गुरुवार रात पवई कस्बे में 48 वर्षीय दुर्गावती पर घर के भीतर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। महिला की गर्दन और हाथ पर कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सीएचसी पवई ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण उन्हें शाहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।महिला के भाई बृजेश कुमार ने पवई कस्बा निवासी सुजीत मौर्या पर हमले का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
लोगों में बढ़ रहा असुरक्षा का भाव
लगातार दो गंभीर घटनाओं के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब दोहरे हत्याकांड जैसे जघन्य अपराध का अब तक खुलासा नहीं हो पाया, तो अपराधियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं दिखाई दे रहा है, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पुलिस का दावा—जल्द होगा खुलासा
पवई थाना प्रभारी मनीष पाल का कहना है कि दादा-पोते के हत्याकांड में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं महिला पर हुए हमले के मामले में भी पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि दोनों मामलों में जल्द ही प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्षेत्रवासियों की मांग
दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल और गहरा सकता है।