पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, दो घायल

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ शहर

लखनऊ से मरीज को अस्पताल में भर्ती कराकर लौट रहे थे, तहबरपुर के करिवायर गांव के पास देर रात दो कारों की टक्कर

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तहबरपुर थाना क्षेत्र के करिवायर गांव के पास बुधवार देर रात दो कारों की आमने-सामने/पीछे से हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव निवासी मनीष यादव (26) तथा चक भदसा गांव निवासी अजीत गोस्वामी (40) लखनऊ के एक निजी अस्पताल में परिवार के सदस्य सौरभ गोस्वामी को भर्ती कराने के बाद अपने घर लौट रहे थे। बुधवार रात करीब 11:30 बजे करिवायर गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार दूसरी कार ने टक्कर मार दी।

हादसे में मनीष यादव और अजीत गोस्वामी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करिवायर गांव निवासी मानस गिरी और अवनीश गिरी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, मनीष यादव तीन भाइयों में सबसे छोटे थे, जबकि अजीत गोस्वामी दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि दोनों कारों में कुल नौ लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *