
पुनर्मनोयन पर कायस्थ समाज में हर्ष, पदाधिकारियों ने दी बधाई, संगठन को प्रदेशभर में मजबूत करने का संकल्प
आजमगढ़। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा 2150 के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सूरज प्रकाश श्रीवास्तव को पुनः मनोनीत किए जाने पर कायस्थ समाज में हर्ष का माहौल है। सिविल लाइन स्थित कैम्प कार्यालय पर समाज के लोगों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की उम्मीद जताई।
सूरज प्रकाश श्रीवास्तव लंबे समय से कायस्थ समाज के सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके पूर्व कार्यकाल में संगठन की गतिविधियों को प्रदेश के विभिन्न जनपदों तक पहुंचाने और समाज के लोगों को एकजुट करने के प्रयास किए गए। पुनः जिम्मेदारी मिलने के बाद संगठन के विस्तार और समाजहित से जुड़े कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद जताई गई।
समाज की एकजुटता और संगठन का विस्तार प्राथमिकता
पुनः प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए केवल पद नहीं, बल्कि समाज की सेवा और जिम्मेदारी का अवसर है। कायस्थ समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती और सभी वर्गों को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में संगठन को मजबूत करने के साथ युवाओं, महिलाओं और समाज के प्रतिभाशाली लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में समाज की भूमिका को और प्रभावी बनाने के लिए कार्य किया जाएगा।
सदस्यता अभियान और सामाजिक कार्यक्रमों पर जोर
सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता, मेधावी विद्यार्थियों का प्रोत्साहन और युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए विशेष योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर काम किया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सदस्यता अभियान, सामाजिक सम्मेलन, प्रतिभा सम्मान समारोह तथा युवा और महिला सम्मेलन आयोजित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन को राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर सामाजिक एकता और समाजहित के लिए कार्य करना चाहिए। कायस्थ समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और देश के निर्माण में समाज की विभूतियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। युवा पीढ़ी को इस विरासत से परिचित कराकर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने राष्ट्रीय संयोजक मनीष श्रीवास्तव सहित सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पुनर्मनोयन पर विभिन्न जनपदों से जुड़े पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन उत्तर प्रदेश में और अधिक मजबूत होगा।
इस अवसर पर विद्याधर श्रीवास्तव, रजनीश श्रीवास्तव, अरविंद चित्रांश, राजेश मोहन श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, अरुण श्रीवास्तव, रितेश श्रीवास्तव, मयंक श्रीवास्तव, अमन श्रीवास्तव, पल्लव श्रीवास्तव, अभिलाष वर्मा, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, बबलू श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव, शुभांक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।