जिला बार एसोसिएशन चुनाव: भृगुनाथ राम बने अध्यक्ष, मनोज कुमार राय मंत्री निर्वाचित

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


आजमगढ़ में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई मतगणना, जीत की घोषणा होते ही बार सभागार में जश्न; नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत


आजमगढ़। द डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव सत्र 2026-27 की मतगणना बुधवार को बार सभागार में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव अधिकारी शिवधन प्रसाद चौरसिया ने परिणामों की आधिकारिक घोषणा की। अध्यक्ष पद पर भृगुनाथ राम और मंत्री पद पर मनोज कुमार राय ने जीत दर्ज की। पूरी चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी शिवधन प्रसाद चौरसिया और एल्डर कमेटी के अध्यक्ष श्रीराम त्रिपाठी की देखरेख में संपन्न कराई गई। मतगणना के दौरान अधिवक्ताओं में चुनाव परिणाम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।


अध्यक्ष पद पर भृगुनाथ राम ने मारी बाजी
अध्यक्ष पद के चुनाव में भृगुनाथ राम ने 215 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी महेंद्र प्रताप सिंह को 190 मत मिले, जबकि बलिराम यादव को पांच मत प्राप्त हुए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के दो पदों पर लौटू राम मौर्य ने 273 और मुन्ना सिंह ने 210 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। सत्यप्रकाश चतुर्वेदी को 142 मत मिले।


मंत्री पद पर मनोज कुमार राय की बड़ी जीत
मंत्री पद के चुनाव में मनोज कुमार राय ने 260 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। दीपक कुमार श्रीवास्तव को 131, सतिराम प्रजापति को 10 और रविशंकर यादव को आठ मत मिले। सहमंत्री प्रशासन पद पर आनंद प्रकाश यादव ने 217 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि राहुल उपाध्याय को 197 मत प्राप्त हुए। इस बार कनिष्ठ उपाध्यक्ष के एक पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके चलते यह पद रिक्त रह गया।


कई पदों पर निर्विरोध चुने गए पदाधिकारी

चुनाव में कई पदों पर केवल एक-एक नामांकन दाखिल होने के कारण प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। उपाध्यक्ष पद पर पंकज कुमार और बालकृष्ण यादव निर्विरोध चुने गए। लालमोहन गिरी कोषाध्यक्ष, कृष्ण कुमार सिंह सहमंत्री पुस्तकालय और हरेंद्र यादव सहमंत्री पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।
वरिष्ठ कार्यकारिणी समिति में अजीत कुमार सिंह, अमरजीत कुमार मल्ल, कुमारी आभा श्रीवास्तव, निकेश कुमार यादव, फैजान अहमद और श्यामजीत यादव निर्विरोध चुने गए।
कनिष्ठ कार्यकारिणी समिति में अवनेंद्र प्रताप सिंह, अशोक कुमार यादव, आनंद प्रकाश सिंह, आलोक कुमार सिंह और पंकज तिवारी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।


परिणाम घोषित होते ही बार सभागार में जश्न
चुनाव अधिकारी द्वारा परिणामों की आधिकारिक घोषणा होते ही बार सभागार में उत्साह और जश्न का माहौल बन गया। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष भृगुनाथ राम, मंत्री मनोज कुमार राय समेत सभी विजयी एवं निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *