
मां के स्वागत में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंज उठा बदरका तिराहा; हजारों श्रद्धालुओं ने झूमकर मनाई खुशी
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शहर के बदरका मोहल्ले में स्थापित होने वाली बदरका की महारानी की प्रतिमा का गुरुवार को भव्य आगमन हुआ। मां के आगमन को लेकर बदरका तिराहे पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।

बदरका की महारानी के स्वागत में भवानी लाइट एवं इवेंट ग्रुप की ओर से आकर्षक लाइटिंग और शानदार प्रस्तुति की गई। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा तिराहा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। भवानी लाइट की मनमोहक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग बदरका तिराहे पर पहुंच गए।

जयकारों से गूंज उठा पूरा बदरका
हिंदी न्यूज़ 24
मां की प्रतिमा के आगमन के साथ ही श्रद्धालुओं ने जोरदार जयकारे लगाए। ‘बदरका की महारानी की जय’ के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। पूजा समिति के सदस्यों के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने मां के स्वागत की खुशी में जमकर नृत्य किया।
श्रद्धालुओं के उत्साह और उमड़ी भीड़ को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे दशहरा का पर्व आज ही आ गया हो। युवा, महिलाएं और बच्चे मां के आगमन को लेकर खासे उत्साहित नजर आए।

भव्य पंडाल में विराजेंगी बदरका की महारानी
हिंदी न्यूज़ 24
प्रतिमा स्थापना स्थल पर बदरका की महारानी के विराजने के लिए आकर्षक और भव्य पंडाल बनाया गया है। पंडाल को सजाने-संवारने का काम अभी जारी है। निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही पंडाल की खूबसूरती श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। आने वाले दिनों में सजावट और रोशनी के साथ इसकी भव्यता और बढ़ने की उम्मीद है।

नवरात्र से दो दिन पहले हुआ मां का आगमन
हिंदी न्यूज़ 24
नवरात्र शुरू होने के दो दिन पूर्व ही बदरका की महारानी का बदरका तिराहे पर आगमन होने से क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया है। मां के स्वागत के साथ ही श्रद्धालुओं में नवरात्र को लेकर उत्साह चरम पर पहुंच गया है।
पूजा समिति की ओर से प्रतिमा स्थापना और आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मां के आगमन के दौरान उमड़ी भीड़ और श्रद्धालुओं की आस्था ने बदरका को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया। जयकारों और आकर्षक रोशनी के बीच बदरका की महारानी का भव्य आगमन देर रात तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
