
मुखबिर की सूचना पर महाराजगंज पुलिस ने की कार्रवाई, फर्जी बैंक खाते, फर्जी सिम और फिशिंग लिंक के जरिए लोगों से ठगी करने का खुलासा
ठगी की रकम खातों में मंगाकर एटीएम से निकाल आपस में बांटते थे आरोपी, पूछताछ में साथियों के नाम और साइबर ठगी के तरीके का किया खुलासा
आजमगढ़। महाराजगंज थाना पुलिस ने साइबर ठगी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक बुलेट मोटरसाइकिल, ₹1330 नकद तथा एक आधार कार्ड बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। भागने की कोशिश के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कृष्ण कुमार निवासी थाना महाराजगंज क्षेत्र बताया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करता था। इसके बाद पीड़ितों के बैंक खातों से रकम फर्जी खातों में ट्रांसफर कर एटीएम के माध्यम से नकदी निकाल ली जाती थी। आरोपी ने फर्जी बैंक खाते, फर्जी सिम और एटीएम कार्ड के इस्तेमाल की भी जानकारी दी।
जांच के दौरान बरामद बैंक खाते में पहले से दर्ज साइबर शिकायत का भी पता चला। आरोपी ने पुलिस को बताया कि ठगी से मिले पैसों से उसने बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आईटी एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।