
4 अगस्त तक शासन से निर्णय नहीं होने पर 5 अगस्त को लखनऊ में विधानसभा तक पदयात्रा का ऐलान
आजमगढ़। नियमित मानदेय की मांग को लेकर जिले में तैनात पैरावेट पशुमित्र एवं मैत्री कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर आंदोलन का ऐलान किया है। बृहस्पतिवार को पशुमित्रों ने जिला मुख्यालय पर जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जल्द समस्या का समाधान न होने पर बृहद आंदोलन की चेतावनी दी गई। पशुमित्रो ने शासन से नियमित मानदेय के प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग किया।
समिति के प्रदेश अध्यक्ष अमित पांडेय ने कहा कि पशुमित्रों और मैत्री कार्यकर्ताओं के नियमित मानदेय को लेकर लंबे समय से शासन से संपर्क किया जा रहा है। 14 जुलाई 2025 को आश्वासन मिलने के बाद नियमित मानदेय के लिए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई थी। संगठन का दावा है कि 13 जनवरी 2026 को नियमित मानदेय का प्रस्ताव शासन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, लेकिन अभी तक इस पर कोई उचित निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर निर्णय नहीं होने से प्रदेशभर के पैरावेट पशुमित्र, लैब टेक्नीशियन एवं मैत्री कार्यकर्ताओं में रोष है। संगठन ने 23 जुलाई से एफएमडी टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान कार्य के बहिष्कार की घोषणा किया।
बृहस्पतिवार को आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 4 अगस्त 2026 तक नियमित मानदेय के संबंध में शासन की ओर से कोई उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो 5 अगस्त 2026 को प्रदेश के समस्त पैरावेट पशुमित्र, मैत्री एवं पशुपालन निदेशालय से जुड़े कार्यकर्ता लखनऊ में विधानसभा तक पदयात्रा करेंगे। इसके बाद जीपीओ पार्क में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दिया जायेगा।