तंत्र-मंत्र के नाम पर दो सगी बहनों से दुष्कर्म, तीसरी से प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


फूलपुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, दो बहनों का वर्षों से कर रहा था शारीरिक शोषण, तीसरी पर थी नजर


आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर दो सगी बहनों के साथ दुष्कर्म तथा तीसरी बहन से दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


पीड़िता की तहरीर के अनुसार, गहनी खुर्द निवासी महफूज पुत्र अबूबकर पिछले चार-पांच वर्षों से परिवार के संपर्क में था। आरोप है कि वह स्वयं को तांत्रिक बताकर अंधविश्वास का फायदा उठाता था। 22 जुलाई 2026 को उसने मंत्र-जाप के बहाने पीड़िता के माता-पिता को घर के बाहर बैठा दिया और झाड़-फूंक के दौरान पीड़िता से दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
घटना के बाद पीड़िता की दो सगी बहनों ने भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि आरोपी ने तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर उन्हें लंबे समय तक डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने या किसी को बताने पर तांत्रिक विद्या से जान से मारने की धमकी देता था।


पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना फूलपुर में मुकदमा संख्या 232/2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1), 351(3), 352, 333 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) के तहत केस पंजीकृत किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत फूलपुर पुलिस ने आरोपी महफूज (40) पुत्र अबूबकर, निवासी गहनी खुर्द, थाना फूलपुर को बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *