
नेहा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी ने गांधी प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, सत्य-अहिंसा और सादगी के आदर्शों को किया याद
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नेहा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डीएवी, रैदोपुर चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर वरिष्ठ कवि सुभाष चंद्र तिवारी ‘कुन्दन’, साहित्यकार संजय कुमार पांडेय ‘सरस’ और सोसाइटी के सचिव रवि जायसवाल सहित अन्य लोगों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में कवि सुभाष चंद्र तिवारी ‘कुन्दन’ एवं साहित्यकार संजय कुमार पांडेय ‘सरस’ ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा का संदेश देते हुए पूरे विश्व को शांति का पाठ पढ़ाया। उनके विचार आज भी समाज और मानवता के लिए प्रासंगिक हैं।
वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन सादगी, त्याग, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक था। गांधी और शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात कर समाज को बेहतर दिशा दी जा सकती है।
सोसाइटी के सचिव रवि जायसवाल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के उच्च आदर्शों एवं नैतिक मूल्यों से हमें सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में आरएसएस के नगर प्रचार प्रमुख गिरीश सेठ, दीपक जायसवाल, आशीष राय, दिव्यांग जायसवाल, बृजेश विश्वकर्मा, अमित साहनी, संदीप कुमार आदि उपस्थित रहे।