भगत सिंह के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : राजेश यादव

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर आप कार्यालय में विचार गोष्ठी, कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। आम आदमी पार्टी आजमगढ़ के जिला कार्यालय पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके विचारों और देश के प्रति योगदान को याद करते हुए उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि भगत सिंह केवल एक क्रांतिकारी नहीं, बल्कि महान विचारक और दूरदर्शी युवा थे। उन्होंने देश की आजादी के साथ-साथ ऐसे समाज का सपना देखा था, जिसमें समानता, न्याय और इंसान की गरिमा सर्वोपरि हो। आज युवाओं को भगत सिंह के विचारों और उनके संघर्ष से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
तनवीर रिजवी ने कहा कि भगत सिंह ने अपने विचारों और साहस से देश की युवा पीढ़ी में नई चेतना पैदा की। उनका जीवन हमें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और देशहित में निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।
जिला महासचिव रमेश मौर्य ने कहा कि भगत सिंह का जीवन त्याग, साहस और वैचारिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उनके विचारों को केवल स्मरण करने के बजाय उन्हें अपने जीवन और सामाजिक कार्यों में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में अमरनाथ यादव, राम प्रसाद यादव, महेंद्र यादव, संजय यादव, सोनू यादव, तफसीर आलम, अन्नू राय, उमेश यादव, रमेश मौर्य और तनवीर रिजवी सहित पार्टी के कार्यकर्ता एवं साथी उपस्थित रहे। सभी ने भगत सिंह के आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *