
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा
आजमगढ़ में सपा की प्रेसवार्ता, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़, 2 अक्टूबर 2026। समाजवादी पार्टी के आजमगढ़ स्थित जिला कार्यालय पर शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के द्वितीय प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए सत्य, अहिंसा, सादगी एवं देशसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इसके बाद पार्टी की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सांसद धर्मेंद्र यादव ने चुनाव आयोग और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “जनता खड़ी होगी तो फैसले बदलने पड़ेंगे।”
धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के हाथ की कठपुतली हो गया है। उन्होंने कहा कि देश का संविधान नागरिकों को मतदान का अधिकार देता है और चुनाव आयोग भी संविधान के दायरे में काम करने वाली संस्था है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति या पद संविधान से ऊपर नहीं हो सकता।
SIR की प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर उठाए सवाल
सांसद ने चुनाव आयोग में कथित मतभेदों का जिक्र करते हुए कहा कि मीडिया में प्रकाशित रिपोर्टों में कई मामलों में चुनाव आयुक्तों के बीच असहमति की बातें सामने आई हैं। इसके बावजूद कई मामलों में एकतरफा फैसले लिए गए। उन्होंने कहा कि विपक्ष मतदाता सूची में किसी भी तरह की कथित हेराफेरी को स्वीकार नहीं करेगा।
उन्होंने SIR के दौरान फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि SIR के दौरान ERO, जो मतदाता सूची तैयार करने में मुख्य अधिकारी होता है, उसकी जगह आयोग के अंदर ही एक अधिकारी को केंद्रित कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अधिकारी वोट बढ़ाने और वोट काटने का काम कर रहा है और इसे उन्होंने ज्ञानेश कुमार का आईटी सेल बताया। उन्होंने इसे नियमों के विरुद्ध बताया।
धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि देश के विभिन्न राज्यों में हुए चुनावों में ज्ञानेश कुमार ने बेईमानी करके भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनवाने का काम किया।
2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में आंदोलन का ऐलान
सांसद ने बताया कि 30 सितंबर 2026 को इंडिया गठबंधन की बैठक में सभी पार्टियों ने तय किया है कि 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक पूरे देश में आंदोलन किया जाएगा। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी ने भी विभिन्न तरीकों से विरोध का कार्यक्रम तय किया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रतिदिन के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली है। समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर इसका डटकर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों के खिलाफ तथा ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली, विधायक डॉ. संग्राम यादव, पूजा सरोज, नफीस अहमद, अखिलेश यादव, एच.एन. सिंह पटेल, बेचई सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव, राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव, डॉ. हरिराम यादव, संतोष कुमार गौतम, बबीता चौहान, सुशील आनंद, सूरज राजभर, विनीत राय, सुषमा चौहान, द्रोपती पांडेय, सिंगारी गौतम, लल्लन चौहान, प्रवक्ता पप्पू कुमार यादव, अब्दुल्ला, बीरू यादव सहित पार्टी के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।