ई-रिक्शा पलटने से चार वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


अतरैठ बाजार के पास हुआ दर्दनाक हादसा, इलाज के दौरान निजी अस्पताल में तोड़ा दम हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के अतरैठ बाजार के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा पलटने से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे ने बूढ़नपुर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अंबेडकर नगर जिले के लालमनपुर निवासी सनोज का चार वर्षीय पुत्र अभय वर्मा अपनी मां के साथ अतरौलिया क्षेत्र के पलया गांव स्थित ननिहाल आया था। शुक्रवार को अभय अपनी मां के साथ दवा लेने के लिए चाचा के ई-रिक्शा से देउरपुर बाजार जा रहा था।
बताया गया कि ई-रिक्शा जैसे ही अतरैठ बाजार के पास पहुंचा, अचानक एक अन्य बच्चा सड़क पर सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने ई-रिक्शा को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में अभय के सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल मासूम को बूढ़नपुर बाजार स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। मां अपने इकलौते बेटे को खोने के गम में बेसुध हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
अभय अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। जिस मासूम को लेकर परिवार ने उसके भविष्य के लिए तमाम सपने संजोए थे, उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी शोक में डूब गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *