नहर में पैर फिसलने से युवक डूबा, शव बरामद, मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


पानी का बहाव तेज होने से रातभर नहीं चला तलाश अभियान, सिंचाई विभाग ने बंद कराया नहर का पानी
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर बाज बहादुर गांव निवासी 30 वर्षीय सूरज राम पुत्र राजाराम मंगलवार शाम शारदा सहायक खंड-23 नहर में डूब गया। बुधवार सुबह नहर का पानी कम होने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की तो घटनास्थल के पास ही उसका शव बरामद हो गया। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सूरज राम मंगलवार शाम करीब सात बजे शौच के लिए गांव के उत्तरी छोर पर स्थित नहर के किनारे गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसे बचाने के लिए नहर में कूदे, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण उसका पता नहीं चल सका।
सूचना पर गोसाईं की बाजार पुलिस चौकी प्रभारी आशीष तिवारी और वीरेंद्र कुमार यादव हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रातभर नहर में युवक की तलाश की, लेकिन पानी अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर नहर का पानी बंद कराया।
बुधवार सुबह पानी का स्तर कम होने पर पुलिस और ग्रामीणों ने दोबारा तलाश शुरू की। करीब नौ बजे घटनास्थल के पास ही सूरज का शव बरामद हो गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सूरज तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। वह पेंटिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब दो वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसकी एक वर्ष की बेटी है। उसकी मौत से पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *