
31 अगस्त की सुबह देवगांव बाजार गई थी 24 वर्षीय महिला, काफी तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से पांच वर्षीय बेटी के साथ बाजार गई 24 वर्षीय विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। काफी तलाश के बाद भी मां-बेटी का सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर तलाश कराने की गुहार लगाई है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार महिला 31 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे अपनी पांच वर्षीय बेटी को लेकर किसी काम से देवगांव बाजार गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
रिश्तेदारों और परिचितों समेत संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन महिला और उसकी बेटी का कहीं पता नहीं चला। तहरीर में आशंका जताई गई है कि महिला किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ चली गई हो सकती है। वह अपने साथ मोबाइल फोन भी ले गई है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तहरीर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लापता मां-बेटी की तलाश के साथ ही पुलिस उनके अचानक गायब होने के कारणों का भी पता लगाने में जुटी है।