धर्म परिवर्तन की कथित मीटिंग की सूचना पर पुलिस की छापेमारी, पांच हिरासत में

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


कादीपुर गांव के एक घर में चल रही थी बैठक, राजदेपुर मठ के मठाधीश ने थाने में दिया प्रार्थना पत्र

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में गुरुवार को एक घर में कथित तौर पर धर्म परिवर्तन को लेकर बैठक किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके से पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मामले में राजदेपुर मठ के मठाधीश विद्यासागर भारती उर्फ आदि शिवसागर भारती ने रौनापार थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, राजदेपुर मठ के मठाधीश विद्यासागर भारती को सूचना मिली थी कि कादीपुर गांव स्थित एक आवास पर कुछ लोगों की बैठक चल रही है। आरोप है कि बैठक में लोगों को कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए बरगलाने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलते ही मठाधीश ने रौनापार पुलिस को इसकी जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर में चल रही बैठक में मौजूद कांति, सुमन, राहुल, घरभरन और बबीता को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।

बताया जा रहा है कि हिरासत में ली गई कांति पत्नी राजकुमार पर वर्ष 2022 में भी धर्म परिवर्तन से जुड़े एक मामले में जेल जाने की बात सामने आई है। हालांकि, वर्तमान मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इधर, राजदेपुर मठ के मठाधीश विद्यासागर भारती ने पांचों लोगों के खिलाफ रौनापार थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने कथित धर्म परिवर्तन गतिविधियों का आरोप लगाते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के साथ ही पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *