
जमीन और मुकदमे की रंजिश में घर में घुसकर हमला करने का आरोप, तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
आजमगढ़। थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती में जमीन और मुकदमे की रंजिश को लेकर एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज की और घर में घुसकर लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। लोहे की रॉड से पैर पर वार किए जाने से पैर टूटने का भी आरोप है।
21 मई की दोपहर की बताई जा रही घटना
एफआईआर में दर्ज तहरीर के मुताबिक घटना 21 मई 2026 को दोपहर करीब दो बजे की बताई गई है। पीड़िता के अनुसार, मोहल्ले के नैयर पुत्र इरशाद अहमद तथा तारिक खान और उसका भाई मिस्टर पुत्रगण स्वर्गीय फरीद खान एक राय होकर उसके दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि जमीन और मुकदमे की रंजिश को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कहा कि उसे घर में रहने नहीं देंगे। पीड़िता ने जब गाली देने से मना किया तो आरोप है कि नैयर, तारिक खान और मिस्टर डंडा तथा लोहे की रॉड लेकर उसे मारने के लिए दौड़े। जान बचाने के लिए महिला घर के अंदर चली गई, लेकिन आरोपियों ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की।
शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव किया
तहरीर के अनुसार, महिला के चीखने-पुकारने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इनमें लड़का रहमान और आदमपुर मिल्लतनगर के मोहम्मद शाहिद अंसारी का नाम भी तहरीर में आया है। लोगों ने बीच-बचाव कर आरोपियों को वहां से हटाया। महिला का आरोप है कि मारपीट में वह बुरी तरह घायल हो गई। महिला ने आरोप लगाया कि नैयर ने लोहे की रॉड से पैर पर वार किया, जिससे उसका पैर टूट गया। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
पति के पहुंचने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती
पीड़िता के मुताबिक घटना की जानकारी मिलने पर उसके पति घर पहुंचे और उसे इलाज के लिए आजमगढ़ के सदर अस्पताल में भर्ती कराया। तहरीर में बताया गया है कि महिला का करीब छह-सात दिन तक अस्पताल में इलाज चला। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि इससे पहले भी आरोपियों ने उसका कैमरा तोड़ दिया था और रात में गैस कटर से दरवाजा काटने की घटना हुई थी। तहरीर में इन घटनाओं की रिकॉर्डिंग होने की बात भी कही गई है।
थाने पर शिकायत के बाद एसएसपी को दिया था प्रार्थना पत्र
महिला का कहना है कि घटना के बाद उसके पति उसे लेकर मुबारकपुर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। हालांकि, उसके अनुसार कई बार जांच का आश्वासन देकर उसे वापस कर दिया गया। बाद में उसने 5 जून 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को पंजीकृत डाक के जरिये प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की।
तहरीर में महिला ने आरोपियों को प्रभावशाली बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद अब मुबारकपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
तीन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
एफआईआर में तीन आरोपियों के नाम दर्ज हैं। इनमें तारिक खान पुत्र स्वर्गीय फरीद खान, मिस्टर पुत्र स्वर्गीय फरीद खान तथा नैयर पुत्र इरशाद अहमद शामिल हैं। एफआईआर में आरोपियों के पते भी मुबारकपुर क्षेत्र के बताए गए हैं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 115(2), 117(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक/वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रदीप बाजपेयी को सौंपी गई है।