
बाइक से गिरकर घायल हुई रेनू ने मंडलीय अस्पताल में तोड़ा दम, पोस्टमार्टम के बाद शव ले जाने को लेकर हुआ हंगामा
बलरामपुर। सिधारी थाना क्षेत्र के भदुली के पास बाइक से गिरकर घायल हुई 25 वर्षीय महिला की मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला रक्षाबंधन पर पति और चार माह के बच्चे के साथ मायके गई थी। मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया। शनिवार को शव ले जाने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने मंडलीय अस्पताल के सामने आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और एंबुलेंसों को भी अस्पताल आने-जाने में परेशानी हुई।

तहबरपुर थाना क्षेत्र के सोहिला गांव निवासी नगीना राम की 25 वर्षीय बेटी रेनू देवी की शादी करीब एक वर्ष पूर्व सिधारी थाना क्षेत्र के गेलवारा गांव निवासी शिवम कुमार के साथ हुई थी। रेनू का चार माह का बच्चा है।
रक्षाबंधन के दिन रेनू पति शिवम और बच्चे के साथ मायके राखी बंधवाने गई थी। शाम को तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। पति शिवम के अनुसार, गेलवारा के पास बाइक से गिरने के कारण रेनू गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे नरौली स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टर ने रेनू को मृत घोषित कर दिया।

दहेज हत्या का आरोप लगाकर दी तहरीर
रेनू की मौत की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग मंडलीय अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए रेनू की हत्या करने का आरोप लगाया। रेनू के पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा, फिर सड़क पर लगाया जाम
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष के लोग शव अपने घर ले जाने की मांग करने लगे। इसको लेकर पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा हुआ। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव ससुराल पक्ष को सौंप दिया।
इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने मंडलीय अस्पताल के सामने आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों के साथ एंबुलेंसों को भी अस्पताल पहुंचने में परेशानी हुई।
सूचना पर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया और सिधारी थाने में तहरीर देने की बात कही। करीब आधे घंटे बाद यातायात बहाल हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।