पथरी के दो ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाया चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में पथरी के उपचार के दौरान 60 वर्षीय शारदा देवी की मौत हो गई। परिजनों ने पीजीआई चक्रपानपुर में उपचार के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


जगदीशपुर गांव निवासी शारदा देवी को पथरी की शिकायत थी। उनके पति लालजीत के अनुसार, 28 मई को पीजीआई चक्रपानपुर में शारदा देवी का ऑपरेशन कराया गया था। इसके बाद भी उनकी तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। चिकित्सकों ने तीन जून को दोबारा ऑपरेशन किया। करीब दस दिन उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया।


परिजनों के मुताबिक, 12 जुलाई को शारदा देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सिधारी स्थित एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले गए। उपचार और दवा के बाद उन्हें वापस घर ले आए।


रविवार शाम घर पर ही उनकी तबीयत फिर अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई।


पति लालजीत ने आरोप लगाया कि पीजीआई चक्रपानपुर में उपचार और ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही बरती गई, जिसके चलते उनकी पत्नी की जान चली गई। उन्होंने मौत का कारण स्पष्ट कराने के लिए पुलिस से पोस्टमार्टम कराने और मामले में कार्रवाई की मांग की।


थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *