चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के हाथों कराया ध्वजारोहण, मंडलायुक्त ने पेश की सामाजिक समरसता की मिसाल

आजमगढ़ शहर

80वें स्वतंत्रता दिवस पर मंडलायुक्त विवेक की नई पहल, बोले- राष्ट्र के विकास के लिए पूरी मजबूती से निभाएं अपनी जिम्मेदारी
आजमगढ़। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त विवेक ने सामाजिक समरसता और समानता की मिसाल पेश करते हुए आयुक्त कार्यालय भवन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के हाथों ध्वजारोहण कराया। शनिवार को कार्यालय के तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भूपेंद्र सिंह, फहीम अहमद और सुबाष राम ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सभी ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया।


ध्वजारोहण के बाद आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। संबोधन में उन्होंने कहा कि हमारा वर्तमान दो बातों पर निर्भर करता है—अतीत के प्रति सम्मान और भविष्य के प्रति परिकल्पना। स्वतंत्रता के लिए पूर्वजों के बलिदान को याद करते हुए विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए दृढ़ संकल्पित होना जरूरी है।


उन्होंने कहा कि व्यक्ति और समाज का संबंध ईंट और इमारत जैसा है। ईंट जितनी मजबूत होगी, इमारत उतनी ही मजबूत होगी। इसी तरह राष्ट्र के विकास और उत्थान के लिए प्रत्येक व्यक्ति को मजबूत ईंट की तरह अपने दायित्वों का पूरी मजबूती से निर्वहन करना होगा। तभी अमर बलिदानियों के सपनों को साकार करते हुए मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकेगा।


मंडलायुक्त ने राजनीतिक, आर्थिक, नैतिक और सामाजिक स्वतंत्रता के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। अपर आयुक्त प्रशासन प्रमोद कुमार पांडेय ने स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए लोगों से हर स्वतंत्रता दिवस पर एक बुराई समाप्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में मंडलायुक्त के पिता डॉ. अनिल कुमार सिंह, अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. नीरज श्रीवास्तव के पिता पूर्व प्राचार्य डॉ. नाथशरण लाल, अपर निदेशक अभियोजन बीपी पांडेय, प्रशासनिक अधिकारी रामअवध और शासकीय अधिवक्ता ओपी पांडेय ने भी विचार व्यक्त किए।


इस दौरान स्थानीय जीजीआईसी की छात्राओं और स्टाफ ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। विद्यालय की शिक्षिका निशा राय द्वारा खेती-किसानी पर आधारित भोजपुरी गीत ‘निचवां से धरती जरे, उपरां से घाम रे…’ की प्रस्तुति विशेष रूप से सराही गई। कार्यक्रम का संचालन अभय तिवारी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *