
देशभक्ति गीतों और समूह नृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, उत्कृष्ट कार्य के लिए अतिथियों को किया गया सम्मानित
आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव, निदेशिका कंचन यादव, अजेन्द्र राय, पुनीत राय एवं प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
ध्वजारोहण के बाद छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान, वंदे मातरम्, झंडा गीत, मां से है माटी और जहां डाल-डाल पर चिड़ियां करती हैं बसेरा जैसे देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। वहीं मेरे देश की धरती और जागा हिन्दुस्तान गीतों पर विद्यार्थियों की शानदार समूह नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने अजेन्द्र राय एवं पुनीत राय को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। विद्यार्थियों को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए देश सेवा के प्रति समर्पित होना चाहिए। देश के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण की भावना से ही समाज और राष्ट्र को समृद्ध बनाया जा सकता है।
निदेशिका कंचन यादव ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें सही मार्गदर्शन और संस्कार मिलें तो वे देश के सच्चे सिपाही बनकर राष्ट्र सेवा के लिए तैयार होंगे। वहीं प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने विद्यार्थियों से आत्मनिष्ठ मानसिकता का त्याग कर वस्तुनिष्ठ और सकारात्मक सोच विकसित करने का आह्वान किया।
