
सांस लेने में हुई परेशानी, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा मौत का कारण
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के कनैला गांव निवासी 42 वर्षीय फूलचंद पुत्र बेचन राम की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खेत से काम करके घर लौटने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। घबराहट और सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में अतरौलिया स्थित 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, फूलचंद बुधवार सुबह करीब आठ बजे खेत में काम करने गए थे। कुछ देर बाद वह घर लौटे तो उन्हें घबराहट होने लगी और सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। हालत तेजी से बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के पुत्र अर्पित और अन्य परिजनों ने आशंका जताई कि खेत में काम करने के दौरान किसी जहरीले जंतु ने उन्हें काट लिया होगा। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
फूलचंद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सूर्यकीर्ति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो पुत्र अर्पित व अर्जित और दो पुत्रियां निशा व नीलू हैं। परिजनों के मुताबिक, फूलचंद की कमाई से ही परिवार का खर्च चलता था। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।