
मानसिक अस्वस्थता की आशंका, महिला को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला, पुलिस जांच में जुटी
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव में सोमवार तड़के दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 22 वर्षीय विवाहिता सीमा यादव ने अपने तीन माह के मासूम बेटे प्रत्यांश को गोद में लेकर तमसा नदी में छलांग लगा दी। हादसे में मासूम की डूबने से मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों ने करीब तीन किलोमीटर दूर पनशब्दा गांव के पास महिला को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। रामपुर निवासी नरसिंह यादव की बेटी सीमा अपने तीन माह के बेटे के साथ घर से निकली थी। कुछ देर बाद उसने तमसा नदी में छलांग लगा दी। महिला और बच्चे को नदी में डूबता देख ग्रामीणों ने तत्काल तलाश और बचाव शुरू किया। काफी प्रयास के बाद पनशब्दा गांव के पास सीमा को नदी से बाहर निकाला गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, सीमा की शादी करीब दो वर्ष पहले ऐनपुर गांव निवासी अमरनाथ यादव के साथ हुई थी। वह पिछले करीब दो माह से अपने मायके में रह रही थी। पिता नरसिंह यादव ने बताया कि करीब तीन माह पहले सीमा को मस्तिष्क ज्वर हुआ था। बीमारी के बाद से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिजनों ने आशंका जताई कि मानसिक अस्वस्थता के चलते उसने यह कदम उठाया।
सूचना पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन मायके और ससुराल पक्ष के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों की सहमति के बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।