ज्वैलर्स की दुकान से चेन लूटकर भागे बदमाशों ने की फायरिंग, दो गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

QR कोड से भुगतान का झांसा देकर 1.10 लाख की सोने की चेन लेकर भागे थे, दुकानदार और ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा
दो पिस्टल, दो तमंचे, 18 कारतूस, चापड़- पेचकस समेत चोरी की बाइक बरामद; पुलिस पूछताछ में छह अन्य नाम सामने आने का दावा

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के मंझारी बाजार में ज्वैलर्स की दुकान से सोने की चेन लूटकर भाग रहे दो बदमाशों ने पीछा कर रहे दुकानदार और स्थानीय लोगों पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। पुलिस के अनुसार ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का पीछा जारी रखा और ग्राम बैरमपुर में दोनों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर को मंझारी बाजार स्थित राज ज्वैलर्स पर दो युवक सोने की चेन खरीदने पहुंचे थे। दोनों ने करीब आठ ग्राम वजन की लगभग 1.10 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन पसंद की। भुगतान के लिए दुकानदार से क्यूआर कोड मांगा गया। आरोप है कि खाते में रकम नहीं पहुंची, इसी दौरान दोनों चेन लेकर भाग निकले।
पीछा किया तो निकाल लिए असलहे, कर दी फायरिंग
चेन लेकर भाग रहे बदमाशों का दुकानदार और स्थानीय लोगों ने पीछा किया। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख दोनों ने असलहे निकाल लिए और पीछा कर रहे लोगों की ओर फायरिंग शुरू कर दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। ग्रामीणों ने पीछा नहीं छोड़ा और बैरमपुर गांव में दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनके पास से बैग और मोटरसाइकिल संख्या UP50BL5646 भी बरामद हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी ली तो आरोपियों के कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल, दो .315 बोर तमंचे, तीन खाली मैगजीन, .32 बोर के 10 जिंदा कारतूस, .315 बोर के आठ जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा चापड़, पेचकस और रेती भी मिली।
चोरी की बाइक पर बदल दी थी नंबर प्लेट
पूछताछ में आरोपी चन्द्रेश यादव ने पुलिस को बताया कि उसने साथियों के साथ मिलकर 31 अगस्त को न्यायालय के पास वाहन स्टैंड से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस के अनुसार चोरी की बाइक पर नंबर प्लेट बदलकर UP50BL5646 लगा दी गई थी। इसी बाइक का इस्तेमाल लूट, चोरी और झपटमारी की घटनाओं में किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक चन्द्रेश ने यह भी बताया कि 17 सितंबर को वह अपने साथी प्रिंस चौहान के साथ अवैध असलहों से लैस होकर जा रहा था। इसी दौरान दोनों ने राज ज्वैलर्स से चेन लेकर भागने का प्रयास किया और पीछा किए जाने पर फायरिंग की।
पूछताछ में छह अन्य नाम सामने आने का दावा
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में अपराध में सहयोग करने वाले छह अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें अनिल यादव उर्फ मेटी, राकेश यादव, अनूप यादव उर्फ जितेन्द्र, धर्मेन्द्र यादव उर्फ छोटई, दीपक यादव और रजित यादव शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनके संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चन्द्रेश यादव पुत्र वीरेन्द्र यादव निवासी जमीनबारी, थाना निजामाबाद और प्रिंस चौहान पुत्र रघुवीर चौहान निवासी कोटवा, थाना रानी की सराय के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक चन्द्रेश के खिलाफ निजामाबाद थाने में पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *