
रात में घर से निकला, सुबह राजवाहा में मिला शव; घटना से परिवार में मचा कोहराम
हिंदी न्यूज़ 24
मेंहनगर। थाना क्षेत्र के गोपालपुर के अतिबल पट्टी गांव निवासी रमायन सरोज के 32 वर्षीय पुत्र सूरज सरोज की राजवाहा में डूबने से मौत हो गई। शनिवार सुबह गांव के दक्षिणी सिवान स्थित राजवाहा में ग्रामीणों ने शव उतराया देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की रात भोजन करने के बाद सूरज करीब आठ बजे शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। देर रात तक उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह ग्रामीणों की नजर राजवाहा में उतराए शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर शव की पहचान सूरज सरोज के रूप में हुई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और सूरज का शव देखते ही दहाड़ मारकर रोने लगे। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मौके पर जुटे ग्रामीण भी गमगीन नजर आए।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना मेंहनगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को राजवाहा से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है।