
राजस्व टीम की पैमाइश में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि का दावा, तहसीलदार की तहरीर पर कप्तानगंज थाने में मुकदमा
आजमगढ़। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। तहसीलदार बूढ़नपुर की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर कप्तानगंज थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, तहसील बूढ़नपुर के राजस्व निरीक्षक क्षेत्र अंतर्गत गाटा संख्या 61/0.065 हेक्टेयर सरकारी अभिलेखों में दर्ज है। राजस्व विभाग की टीम द्वारा 2 जुलाई 2026 को किए गए सीमांकन के दौरान आरोप है कि मार्कण्डेय पुत्र कोमल ने करीब 0.004 हेक्टेयर भूमि पर पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा कर लिया है। वहीं शेष भूमि पर अजीत राय, शैलेश राय और रमेश राय द्वारा मिट्टी डालकर अतिक्रमण किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
तहरीर में कहा गया है कि संबंधित लोगों को 11 जुलाई 2026 को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद तहसील प्रशासन ने कप्तानगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।