
हुसैनगंज–सब्जी मंडी मार्ग की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, जल्द मरम्मत न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
आजमगढ़। हुसैनगंज से सब्जी मंडी जाने वाले मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलजमाव और बदहाल सड़क की समस्या को लेकर गुरुवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बरसात के मौसम में यह मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो जाता है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद न तो जलनिकासी की व्यवस्था की गई और न ही सड़क की मरम्मत कराई गई।
जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि जब प्रशासन जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है, तब लोगों को अपनी पीड़ा इस तरह प्रतीकात्मक रूप से व्यक्त करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सड़क पर धान की रोपाई प्रशासनिक लापरवाही और विकास कार्यों की वास्तविक तस्वीर पेश करती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हुसैनगंज–सब्जी मंडी मार्ग पर जल्द जलनिकासी और सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो आम आदमी पार्टी स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़क की तत्काल मरम्मत तथा स्थायी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।