आजमगढ़ में डबल रोटी बेचने वाले युवक की गला रेतकर हत्या, नहर किनारे मिला शव

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


मंगलवार दोपहर से लापता था 30 वर्षीय शाहरुख खान, गौरी नहर के किनारे मिली लाश; धारदार हथियार से गले पर वार के निशान, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने जुटाए साक्ष्य
गंभीरपुर थाना क्षेत्र की घटना से इलाके में सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में डबल रोटी बेचकर आजीविका चलाने वाले 30 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह गौरी नहर के किनारे युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक मंगलवार दोपहर से लापता था। उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।


मृतक की पहचान गौरी ग्राम पंचायत निवासी मुस्तफा के पुत्र शाहरुख खान (30) के रूप में हुई है। बताया गया कि शाहरुख डबल रोटी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार दोपहर वह घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह गौरी नहर के किनारे एक युवक का शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान शाहरुख खान के रूप में की। युवक के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई।


बेकरी से डबल रोटी खरीदने गया था युवक
बताया जा रहा है कि शाहरुख जिस बेकरी से डबल रोटी खरीदने गया था, उसे अरशद नाम का व्यक्ति चलाता है, जो मंगरावां का रहने वाला बताया गया है। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और घटना में किसकी भूमिका है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी ईश्वर चंद गुर्जर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *