
बीच-बचाव करने आए युवक पर लाठी-डंडे और चाकू से हमले के मामले में मेहनगर पुलिस की कार्रवाई
आजमगढ़। मेहनगर थाना पुलिस ने मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को जाफरपुर निवासी नन्हकू चौहान ने मेहनगर थाने में तहरीर देकर बताया था कि ग्राम भदसारी निवासी अनिल सरोज और रामबिन्द के बीच विवाद हो रहा था। उनका पुत्र रन्नू चौहान बीच-बचाव कर रामबिन्द को उसके घर छोड़कर वापस लौट रहा था। आरोप है कि जाफरपुर-भदसारी मोड़ के पास अनिल सरोज, पंकज सरोज और गोविन्द सरोज ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडे व चाकू से हमला कर दिया। हमले में रन्नू चौहान के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसे पांच टांके लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
इस मामले में मेहनगर थाने में मु0अ0सं0 261/2026 के तहत धारा 109(1), 352 एवं 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 20 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक शिवनारायण मौर्य ने हमराह हेड कांस्टेबल अनिल कुमार एवं हेड कांस्टेबल रमेश के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी अनिल सरोज पुत्र ललसू सरोज, निवासी भदसारी, थाना मेहनगर को दोपहर 12:05 बजे जाफरपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अदद लाठी भी बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा पुलिस अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।