
अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, विजेता एवं उपविजेताओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित

आजमगढ़। वर्ल्ड चेस डे के अवसर पर सोमवार को सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल के प्रांगण में अंतर विद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मेजबान विद्यालय के अलावा सेंट जेवियर्स सम्मोपुर, समेंदा, तरवा, लालगंज और फूलपुर शाखाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चन्द्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल एवं अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव, सीएओ साक्षी बिसेन, उपप्रधानाचार्य संजय कुमार पाण्डेय, विद्यालय समन्वयक धीरेन्द्र भारद्वाज तथा कनिष्ठ समन्वयक मोना सिंह ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. आसिम खान (असिस्टेंट प्रोफेसर, फिजिकल एजुकेशन विभाग, शिब्ली नेशनल कॉलेज, आजमगढ़) तथा विशिष्ट अतिथि अतुल कुमार यादव (एआरटीओ, आजमगढ़) को विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में अंडर-14 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक और बालिका वर्ग में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अंडर-14 बालक वर्ग में सेंट जेवियर्स समेंदा विजेता तथा सेंट जेवियर्स लालगंज उपविजेता रहा। अंडर-14 बालिका वर्ग में सेंट जेवियर्स लालगंज ने पहला और सेंट जेवियर्स एलवल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में सेंट जेवियर्स समेंदा विजेता और सेंट जेवियर्स एलवल उपविजेता रहा, जबकि अंडर-19 बालिका वर्ग में सेंट जेवियर्स एलवल ने विजेता तथा सेंट जेवियर्स लालगंज ने उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें भविष्य में भी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक ऐसी बौद्धिक विधा है जो विद्यार्थियों में एकाग्रता, तार्किक सोच, निर्णय क्षमता और अनुशासन का विकास करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अंत में विद्यालय परिवार ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।