जमीन की मेड़ को लेकर दो पक्षों में विवाद, प्रशासन ने मौके पर कराया शांतिपूर्ण समाधान

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

सरायमीर क्षेत्र के ग्राम पारा में हुआ था विवाद, एसडीएम व सीओ ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से की वार्ता
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के ग्राम पारा में खेत की मेड़ को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद का प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में शांतिपूर्ण समाधान करा दिया गया। अधिकारियों की पहल के बाद गांव में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण है।


छह अगस्त की सुबह करीब 10 बजे ग्राम पारा निवासी ताहा और परविंदर राजभर के बीच खेत की मेड़ को लेकर विवाद हो गया था। बताया गया कि ताहा ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई करा रहे थे। इसी दौरान मेड़ की कुछ मिट्टी गिरने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो मारपीट तक पहुंच गई। घटना में ताहा को हल्की चोटें आई थीं।


सूचना मिलते ही सरायमीर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई की। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसी दिन दोपहर करीब एक बजे दोनों पक्षों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।


मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उपजिलाधिकारी मार्टीनगंज बलराम गुप्ता और सीओ फूलपुर किरण पाल सिंह शनिवार को ग्राम पारा पहुंचे। अधिकारियों ने विवादित स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही दोनों पक्षों की मौजूदगी में उनसे बातचीत की।


अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर विवाद का मौके पर ही शांतिपूर्ण समाधान करा दिया। प्रशासन और पुलिस की पहल के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद समाप्त हो गया। वर्तमान में ग्राम पारा में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और शांति एवं कानून व्यवस्था बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *