
पत्नी के साथ आठ सितंबर को आया था करीम, शनिवार को तबीयत बिगड़ने की मिली सूचना; जिला अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
हिंदी न्यूज़ 24
निजामाबाद/आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के कस्बे में ससुराल आए 32 वर्षीय युवक की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक हुई मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना को लेकर परिजनों में तरह-तरह की आशंकाएं हैं। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
मृतक की पहचान मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अलीनगर स्वीपर कॉलोनी निवासी करीम अहमद (32) के रूप में हुई है। वह ठेके पर सफाई का कार्य करता था। परिजनों के अनुसार करीम की शादी करीब आठ माह पहले निजामाबाद कस्बा निवासी जुम्मन की पुत्री के साथ हुई थी।
मृतक के भाई कुर्बान ने बताया कि करीम आठ सितंबर को अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया था। शनिवार को ससुराल पक्ष की ओर से परिजनों को सूचना दी गई कि करीम की अचानक तबीयत खराब हो गई है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां करीम की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने उसकी पत्नी से मौत के संबंध में जानकारी ली तो उसने तबीयत खराब होने की बात बताई। अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल करीम की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच करते हुए घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।