
सफेद धातु की घुंघरूदार पायल बरामद, मैनपुरी में भी दर्ज है ठगी का मुकदमा
आजमगढ़। सिधारी थाना पुलिस ने महिला को 20 लाख रुपये होने का झांसा देकर आभूषण ठगने वाले एक शातिर अंतर्जनपदीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी की घटना से संबंधित सफेद धातु की एक जोड़ी इस्तेमाली घुंघरूदार पायल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मैनपुरी जनपद में भी ठगी और धोखाधड़ी से संबंधित अभियोग दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को मोहम्मदाबाद, मऊ निवासी शुभावती देवी अपने मायके बिलरियागंज जा रही थीं। रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें बातचीत में उलझाकर बऊरहवा बाबा मंदिर के सामने पहुंचाया। आरोप है कि वहां दोनों ने महिला के कान की झाली, गले का लॉकेट और चांदी की पायल उतरवा ली। इसके बदले कपड़े में सिली कागज की गड्डी देते हुए बताया कि उसमें 20 लाख रुपये हैं।
महिला टेंपो से आगे बढ़ीं तो गड्डी में रुपये के बजाय कागज होने की जानकारी हुई। इसके बाद सिधारी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम सक्रिय थी। मंगलवार को उपनिरीक्षक मनीष मिश्र ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ मुखबिर की सूचना और बरामदगी के आधार पर रेलवे स्टेशन तिराहे के पास से अर्जुन सोलंकी (22) निवासी जेजे कॉलोनी सेवदा, थाना कंझावला, जनपद रोहिणी, दिल्ली को करीब 13:50 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में अपने कृत्य पर माफी मांगते हुए अपनी सफाई न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की बात कही। मामले में मु0अ0सं0 305/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5), 317(2) बीएनएस में कार्रवाई की जा रही है।