

जनता दर्शन में छात्रा ने बताई आर्थिक परेशानी, डीएम ने बनवाया रोडवेज एमएसटी पास
आजमगढ़। जनता दर्शन में अपनी आर्थिक समस्या लेकर पहुंची छात्रा मेनका प्रजापति के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की संवेदनशील पहल मददगार साबित हुई। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा को पढ़ाई जारी रखने के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
बूढ़नपुर तहसील के अतरौलिया क्षेत्र के खानपुर फतेह गांव निवासी मेनका प्रजापति ने जनता दर्शन में बताया था कि वह आजमगढ़ शहर में एसएससी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। गांव से रोजाना करीब 60 किलोमीटर आवागमन में होने वाला खर्च उनकी आर्थिक स्थिति पर भारी पड़ रहा था।
डीएम ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल छात्रा का रोडवेज एमएसटी पास बनवाया। इसके साथ ही छात्रा की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसकी शिक्षा में सहयोग के लिए अपील की। डीएम की अपील पर एक समाजसेवी ने एक लाख रुपये की सहायता राशि का चेक उपलब्ध कराया।
जिलाधिकारी ने छात्रा और उसकी मां सरिता देवी को कलेक्ट्रेट में चेक सौंपते हुए भरोसा दिलाया कि आर्थिक परेशानी उसकी प्रतिभा और सपनों के आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने छात्रा को मेहनत और लगन से पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
सहायता मिलने पर छात्रा और उसकी मां ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं जिलाधिकारी के प्रति आभार जताया। इस दौरान जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने छात्रा को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और उपयोगी पुस्तकें भी भेंट कीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान के साथ-साथ जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को संवारना भी प्रशासन की प्राथमिकता है।