
शंकरपुर मोड़ के पास सड़क पर अचानक बकरी आने से बिगड़ा बाइक का संतुलन; इलाज के दौरान निजी अस्पताल में तोड़ा दम
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के मुड़हर-लालगंज मार्ग पर शंकरपुर मोड़ के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में सहायक अध्यापक चंदन कुमार (46) की मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल चंदन को स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
चंदन कुमार पुत्र संतलाल, मुड़हर थाना गंभीरपुर निवासी थे। वह विकासखंड ठेकमा के प्राथमिक विद्यालय भैंसकुर में वर्ष 2013 से सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। शुक्रवार को वह रोज की तरह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। शंकरपुर मोड़ के पास अचानक सड़क पर बकरी आ जाने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे में चंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और शिक्षकों ने उन्हें तत्काल मानव रचना अस्पताल, बिजौलिया पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी अंजू गौतम लालगंज स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कार्यरत हैं। पति की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। चंदन के 15 वर्षीय पुत्र ज्योतिष प्रसाद और तीन वर्षीय पुत्री अनु श्री गौतम हैं।
घटना से शिक्षा क्षेत्र ठेकमा में भी शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षकों ने शोक जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।